हल्द्वानी - मैरिज हॉल से तीन AC और हजारों रूपये की कर डाली चोरी, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
हल्द्वानी - बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के शनि बाजार रोड स्थित हुसैनी बैंकट हॉल में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को किदवई नगर निवासी मो. अमान ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि शनि बाजार रोड, रेलवे फाटक के पास स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा पीछे स्थित मैरिज हॉल से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।
तहरीर के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 156/2026 के तहत धारा 305(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 27 सितंबर को गोला बायपास रोड पर हिमालयन स्कूल के सामने पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के दौरान उनके कब्जे से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर तथा 15,600 रुपये की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) पुत्र मौ. मसीत अहमद, निवासी इन्द्रानगर, बनभूलपुरा और मौ. मुस्तफा (26) पुत्र मौ. अशफाक, निवासी छोटी रोड, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


