हल्द्वानी - बनभूलपुरा के आज़ाद नगर व गांधी नगर में हो रही है इतनी प्रतिशत बिजली चोरी, कमिश्नर ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

 | 
हल्द्वानी - बनभूलपुरा के आज़ाद नगर व गांधी नगर में हो रही है इतनी प्रतिशत बिजली चोरी, कमिश्नर ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

हल्द्वानी - बनभूलपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आज़ाद नगर और गांधी नगर में बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी को लेकर कुमाऊं आयुक्त (कमिश्नर) दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिजली चोरी के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासनिक जांच में सामने आया है कि आज़ाद नगर और गांधी नगर क्षेत्रों में लगभग 87 प्रतिशत तक बिजली चोरी हो रही है, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस स्थिति को गंभीर बताते हुए कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि इस तरह की अव्यवस्था किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कटिया फंसाकर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की जा रही है। साथ ही, बिजली विभाग के निचले स्तर के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने बिजली विभाग को प्रवर्तन दल के साथ मिलकर सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

कमिश्नर ने साफ शब्दों में कहा कि बिजली चोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा, वहीं दोषी पाए जाने वाले विभागीय कर्मचारियों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर राजस्व नुकसान रोकने और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन की इस सख्ती के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

WhatsApp Group Join Now