हल्द्वानी - बैंक कर्मी के घर चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर, होली मनाने के लिए गांव गया था परिवार 

 | 
हल्द्वानी - बैंक कर्मी के घर चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर, होली मनाने के लिए गांव गया था परिवार

हल्द्वानी -  मुखानी थाना क्षेत्र के बिठौरिया नंबर-एक स्थित आदर्श कॉलोनी में चोरों ने बैंक कर्मी के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक परिवार सहित होली मनाने के लिए अपने गांव गए हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बिठौरिया नंबर-एक निवासी हेम चंद का दो मंजिला मकान है। मकान के भूतल पर लोनिवि में जेई नेहा चौधरी किरायेदार के रूप में रहती हैं, जबकि हेम चंद अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहते हैं। हेम चंद दो मार्च को परिवार के साथ अल्मोड़ा जिले के ताकुला स्थित अपने गांव ग्राम थापला में होली मनाने गए थे। अगले दिन उनकी किरायेदार नेहा चौधरी भी रुद्रपुर चली गईं।

इसी दौरान रात में किसी समय चोर मुख्य गेट फांदकर घर के परिसर में घुस गए। चोरों ने पहले भूतल पर किरायेदार के कमरे का ताला तोड़कर वहां से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके बाद पहली मंजिल पर पहुंचकर हेम चंद के फ्लैट के कमरों के ताले तोड़ दिए। चोर कमरे में रखी करीब दो तोले की माला, डेढ़ तोले की पाइप माला, सवा तोले की नथ, मांगटीका, पौंची और हार सहित लगभग सात हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। पांच मार्च की सुबह जब हेम चंद परिवार के साथ घर लौटे तो चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने मुखानी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

मुखानी थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।वहीं एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि चोरी की सूचना मिली है। मुखानी पुलिस को जल्द प्राथमिकी दर्ज कर घटना का खुलासा करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

WhatsApp Group Join Now