हल्द्वानी - शहर के इन इलाकों में आज से 17 मार्च तक कई घंटों बिजली रहेगी गुल, जानिए क्या है बड़ी वजह
हल्द्वानी - शहर से सटे ग्रामीण इलाकों के लोगों को अगले कुछ दिनों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने 17 मार्च तक अलग-अलग तारीखों में 7 से 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने का शटडाउन शेड्यूल जारी किया है। बिजली विभाग के अनुसार आईटीआई कैंपस (डहरिया) में बन रहे नए बिजलीघर के लिए लाइन खींचने और लालकुआं क्षेत्र में खुले तारों को एएएसी केबल में बदलने का कार्य किया जाना है। इसी कारण टीपी नगर, लालकुआं और कमलुवागांजा बिजलीघरों से निर्धारित तिथियों पर बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
शेड्यूल के अनुसार 8, 10, 12, 14 और 15 मार्च को टीपी नगर बिजलीघर से बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। वहीं 8, 11, 13, 15 और 17 मार्च को कमलुवागांजा बिजलीघर से आपूर्ति प्रभावित होगी। इसके अलावा लालकुआं बिजलीघर से 9, 10, 11, 12, 13 और 16 मार्च को बिजली कटौती की जाएगी। विभाग ने बताया कि कार्य के दौरान कुछ क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक तथा कुछ क्षेत्रों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली विभाग ने लोगों से सहयोग और असुविधा के लिए खेद जताया है।
