हल्द्वानी - रोडवेज बस स्टेशन पर युवक की अचानक मौत से मचा हड़कंप, यात्रियों में अफरा-तफरी, हुई पहचान
हल्द्वानी - रोडवेज बस स्टेशन परिसर में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक की अचानक मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 9 बजे के आसपास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान मूल रूप से नथुवाखान, सुयालगांव निवासी 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह बस स्टेशन परिसर में एक बेंच पर बैठा हुआ था, तभी अचानक उसकी हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। पास बैठे लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे घबरा गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना से पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और रोडवेज कर्मचारियों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा को दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रोडवेज कर्मचारियों के अनुसार, यह युवक पिछले दिन से ही बस स्टेशन परिसर में घूम रहा था और वहीं बैठा हुआ था। अचानक हुई इस घटना से लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दुखद घटना से बस स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी दहशत का माहौल है।
