उत्तराखंड - दयारा बुग्याल से लापता बबीता का रहस्य गहराया, एक सप्ताह से जारी सर्च ऑपरेशन, परिवार बेहाल तलाश में जुटीं हैं टीमें 

 | 
उत्तराखंड - दयारा बुग्याल से लापता बबीता का रहस्य गहराया, एक सप्ताह से जारी सर्च ऑपरेशन, परिवार बेहाल तलाश में जुटीं हैं टीमें

रामनगर/नैनीताल - उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई रामनगर निवासी 24 वर्षीय बबीता पांडे का एक सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद पुलिस और रेस्क्यू टीमों को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार बबीता 25 मई को अपने दो साथियों के साथ दयारा बुग्याल घूमने गई थीं। 29 मई को तीनों ने रैथल गांव से ट्रेकिंग शुरू की और गोई क्षेत्र में एक अस्थायी छानी में रुके थे। इसी दौरान रात के समय बबीता टॉयलेट के लिए बाहर निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं। इसके बाद से उनका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है और आखिरी लोकेशन दयारा बुग्याल क्षेत्र की ही मिली है।

जंगल, पहाड़ और झील तक तलाश जारी - 
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद से दुर्गम पहाड़ी इलाकों, जंगलों और संभावित मार्गों पर लगातार तलाशी की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
रामनगर स्थित घर में बबीता के लापता होने से कोहराम मचा हुआ है। मां अंजू पांडे का रो-रोकर बुरा हाल है और वह लगातार बेटी की सकुशल वापसी की गुहार लगा रही हैं।

एक वायरल वीडियो में वह कहती नजर आती हैं— “कोई मेरी बबली को ढूंढ लाओ… मैं बहुत परेशान हो गई हूं।” परिजनों का कहना है कि हर बीतता दिन चिंता बढ़ा रहा है और परिवार उम्मीद और बेचैनी के बीच जी रहा है।
बबीता के दिव्यांग पिता गोपाल पांडे लगातार प्रशासन से बेटी को खोजने की अपील कर रहे हैं। वहीं दादी लक्ष्मी पांडे भी पोती की सलामती के लिए रो-रोकर गुहार लगा रही हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला - 
पुलिस ने कोतवाली मनेरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि हर संभव एंगल से जांच की जा रही है और खोज अभियान लगातार जारी रहेगा। बबीता एमबीए की छात्रा हैं और पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम नौकरी भी करती थीं। परिवार और स्थानीय लोग लगातार उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल पूरा इलाका इस रहस्यमयी लापता घटना से स्तब्ध है और सभी की निगाहें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।

 

 

 

WhatsApp Group Join Now