चोरगलिया - पीपलपानी में ओखलकांडा गए थे बुजुर्ग, चोरों ने खंगाल डाला घर, सात तोले सोने के जेवर और इतना कैश लेकर फरार 

 | 
चोरगलिया - पीपलपानी में ओखलकांडा गए थे बुजुर्ग, चोरों ने खंगाल डाला घर, सात तोले सोने के जेवर और इतना कैश लेकर फरार

चोरगलिया (नैनीताल) - चोरगलिया क्षेत्र के उमेदपुर नंबर-2 में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर खिड़की की जाली काटकर घर में घुसे और अलमारी में रखी नकदी तथा सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक दुर्गा दत्त फुलारा अपने भाई के पीपलपानी संस्कार में शामिल होने के लिए ओखलकांडा ब्लॉक के पतलोट कौडार गए हुए थे। उनके दो मंजिला मकान का ऊपरी कमरा बंद था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भूतल पर रह रहे थे। शुक्रवार सुबह जब उनका बेटा छत पर स्थित बंद कमरे को देखने पहुंचा तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि कमरे की खिड़की की जाली काटी गई थी और अलमारी का ताला तोड़ा गया था।

पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर अलमारी में रखे 80 हजार रुपये नकद, दो सोने की नथ, चार जोड़ी झुमके, एक अंगूठी तथा दो मंगलसूत्र चोरी कर ले गए। चोरी गए जेवरों का वजन करीब सात तोला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

WhatsApp Group Join Now