उत्तराखंड - 16 दिन से लापता वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व नगरपालिका सभासद का शव नदी किनारे मिला, शोक की लहर
बागेश्वर - बीते 16 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार का शव मंगलवार को थुणाई के समीप गोमती नदी किनारे बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से पूरे जिले में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों, अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। धीरेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय धीरेंद्र सिंह परिहार बीते 17 अक्टूबर से लापता थे। उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और पुलिस से बेटे को जल्द तलाशने की गुहार लगाई थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं मिला था सुराग -
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तलाश अभियान चलाया। इस दौरान नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटे जाने और कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं जताई जाने लगी थीं। हालांकि, पुलिस को धीरेंद्र के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई थी।
सोमवार को सड़क पर उतरे थे परिजन और अधिवक्ता -
धीरेंद्र परिहार का कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से जल्द धीरेंद्र को तलाशने और पूरे मामले का खुलासा करने की मांग की थी।
गोमती नदी किनारे शव मिलने से उठे कई सवाल -
मंगलवार को थुणाई के समीप गोमती नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। शव की पहचान धीरेंद्र सिंह परिहार के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। 16 दिनों तक लापता रहने के बाद उनका शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उनकी मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय है।
आज पुलिस अधीक्षक करेंगे प्रेसवार्ता -
बागेश्वर पुलिस के अनुसार धीरेंद्र परिहार का शव बरामद कर लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक की ओर से 4 नवंबर को प्रेसवार्ता कर मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी— अजय शाह, क्षेत्राधिकारी, बागेश्वर


