लालकुआं - व्यवसायी की 20 वर्षीय बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पड़ोसी युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
लालकुआं - नगर क्षेत्र में एक व्यवसायी की 20 वर्षीय बेटी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से हड़कंप मच गया। युवती के पिता ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए लालकुआं कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस से युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वर्मा कॉलोनी, दो किलोमीटर बिंदुखत्ता निवासी व्यवसायी की 20 वर्षीय बेटी अचानक घर से लापता हो गई। युवती के घर से गायब होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके बाद युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की आशंका जताई। पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि युवक उनकी बेटी के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुआं कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि युवती की तलाश और आरोपी युवक के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। टीम संभावित स्थानों पर दबिश देने के साथ ही अन्य माध्यमों से युवती की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती की बरामदगी के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने जल्द युवती को सकुशल बरामद करने और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।


