हल्द्वानी - महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास, लूट और मारपीट करने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार, लूटा सामान भी बरामद
हल्द्वानी - दिल्ली से नैनीताल घूमने आई एक महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। इसके बाद वह ऑटो से काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली। रात में काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना होने के बाद करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाधांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया।
महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को घटना की सूचना न दे सके। किसी तरह पीड़िता ने सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनआर और वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन (Vivo Y100) बरामद कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त टैक्सी को भी कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39) पुत्र नंदन सिंह बोरा, निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है।
एसएसपी का बयान -
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
