हल्द्वानी - लामाचौड़ में देर रात चलती टाटा पंच कार में ऐसे लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा चालक 

 | 
हल्द्वानी - लामाचौड़ में देर रात चलती टाटा पंच कार में ऐसे लगी भीषण आग, बाल-बाल बचा चालक 

हल्द्वानी - शहर के लामाचौड़ क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती हुई टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार चला रहे युवक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, करण नेगी निवासी गांधी आश्रम, पीपलपोखरा नंबर-1 सोमवार रात अपनी टाटा पंच कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लामाचौड़ क्षेत्र में पहुंचे, तभी कार के इंजन हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते कार में आग भड़क गई। आग लगते ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका और तुरंत बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखकर सड़क से गुजर रहे कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग की चपेट में आने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

मुखानी थाने के एसओ सुशील जोशी ने बताया कि देर रात कार में आग लगने की सूचना मिली थी। चालक सुरक्षित है, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now