हल्द्वानी - बर्थडे पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, दोस्त युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से छोड़कर हुए फरार 

 | 
हल्द्वानी - बर्थडे पार्टी के बाद युवक की संदिग्ध मौत, दोस्त युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके से छोड़कर हुए फरार 

हल्द्वानी - दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने निकले 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक देर रात काठगोदाम क्षेत्र में चलती कार से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हादसे के बाद कार में सवार उसके दोस्त घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतक की पहचान काठगोदाम के तुलसी नगर (पाली सीट) निवासी पुष्कर कोहली (21) के रूप में हुई है। पुष्कर एक निजी स्कूल बस में कंडक्टर के रूप में काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में गया था पुष्कर -
जानकारी के अनुसार, पुष्कर गुरुवार देर शाम चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में गया था। पार्टी के बाद सभी दोस्त कार से घूम रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात तक वे अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहे। इसी दौरान कार में वीडियो भी बनाए गए। घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में पुष्कर और उसके दोस्त कथित तौर पर चलती कार में शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। कार के अंदर शराब की बोतलें भी नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच में यह भी अहम बिंदु बन गया है कि हादसे से पहले कार में क्या हुआ था।

जमरानी कॉलोनी के पास कार से गिरा युवक -
बताया जा रहा है कि देर रात सभी दोस्त काठगोदाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के पास पुष्कर संदिग्ध परिस्थितियों में चलती कार से सड़क पर गिर गया। उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। कार में सवार दोस्तों का कथित तौर पर कहना है कि कार का दरवाजा अचानक खुल गया था, जिसके कारण पुष्कर नीचे गिर गया। हालांकि, पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। युवक कार से किन परिस्थितियों में गिरा, यह जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है।

घायल को छोड़कर फरार होने का आरोप - 
घटना के बाद दोस्तों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पुष्कर के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसके दोस्त उसे अस्पताल ले जाने के बजाय सड़क किनारे छोड़कर कार समेत फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पुष्कर काफी देर तक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया - 
सूचना मिलने पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुष्कर को अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका - 
पुष्कर दो भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पूरी घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से कार में सवार सभी युवकों से पूछताछ करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अब कार में सवार चारों दोस्तों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगी। जांच में सामने आया वीडियो, कार की स्थिति, घटनास्थल और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान अहम माने जा रहे हैं।

पुलिस के सामने मुख्य सवाल यह है कि पुष्कर चलती कार से किन परिस्थितियों में गिरा और गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पुष्कर की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। 

WhatsApp Group Join Now