नैनीताल - युवती का अपहरण कर आठ माह तक बंधक बनाकर सुहैल ने किया दुष्कर्म, आरोपी को बिजनौर से दबोचा
नैनीताल - जिले के भवाली कोतवाली क्षेत्र से एक युवती का अपहरण कर उसे आठ महीने तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार खैरना क्षेत्र निवासी युवती के पिता ने भवाली कोतवाली में तहरीर देकर गरमपानी में नाई की दुकान पर काम करने वाले सुहैल (निवासी नेहटौर, बिजनौर, यूपी) पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की और युवती की बरामदगी व आरोपी की तलाश शुरू की।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि पुलिस टीम ने शनिवार को बिजनौर में दबिश देकर आरोपी सुहैल को गिरफ्तार कर लिया और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। रविवार को युवती के बयान दर्ज किए गए, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे शादी का झांसा देकर आठ महीने पहले अपने साथ ले गया था। साथ ले जाने के बाद उसने शादी से इनकार कर दिया और उसे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और घर लौटने नहीं दिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
