उत्तराखंड - जिम में वर्क आउट के दौरान SOG जवान की हार्ड अटैक से मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

 | 
उत्तराखंड - जिम में वर्क आउट के दौरान SOG जवान की हार्ड अटैक से मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

चंपावत - उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत एसओजी के एक जवान की जिम में व्यायाम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

 

जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के निवासी तथा वर्तमान में बनबसा के ग्राम भजनपुर में रहने वाले एसओजी जवान गिरीश भट्ट (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट पिछले करीब तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम में व्यायाम कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर वह रोजाना की तरह जिम पहुंचे और अभ्यास शुरू किया। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह व्यायाम करते हुए जमीन पर गिर पड़े। जिम में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 


चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है। गिरीश भट्ट उत्तराखंड पुलिस के एक कर्मठ और तेजतर्रार जवान माने जाते थे। एसओजी में तैनाती के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई।

 

परिजनों के अनुसार गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं, जबकि दोनों बेटे पढ़ाई कर रहे हैं। जवान की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने गिरीश भट्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ जवान बताया है। वहीं क्षेत्र में भी उनके निधन की खबर से शोक का माहौल है।

WhatsApp Group Join Now