हल्द्वानी - चेहल्लुम पर अखाड़ा शमशीर-ए-हैदरी का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब दिखाकर बांधा समा
हल्द्वानी - चेहल्लुम के अवसर पर कस्बान मस्जिद के सामने, लाइन नंबर-14 आजाद नगर में अखाड़ा शमशीर-ए-हैदरी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजरत इमाम हुसैन और कर्बला में शहीद हुए उनके 72 साथियों की शहादत को श्रद्धा और अकीदत के साथ याद किया गया। कार्यक्रम में अखाड़े के खिलाड़ियों ने पारंपरिक और हैरतअंगेज अखाड़े पेश कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों ने तलवारबाजी समेत विभिन्न करतबों का प्रदर्शन कर कर्बला के संघर्ष और बलिदान की यादों को जीवंत किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
इस दौरान विभिन्न वर्गों में दंगल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों मोहम्मद शाकिब, फरमान सैफी, समीर और इमरान को बेस्ट प्राइज देकर सम्मानित किया गया। मोहर्रम-2026 के दौरान जुलूस में सहयोग करने वाले ताजियेदारों, विभिन्न लंगर कमेटियों और अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अखाड़ा शमशीर-ए-हैदरी के सदस्यों और खलीफाओं का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखाड़े के उस्ताद अब्दुल समद उर्फ छोटे भाई ने की। इस अवसर पर अखाड़े के खलीफा साजिद हुसैन, हबीबुल, आफताब आलम, अतीक अंसारी, जावेद अख्तर और राशिद सैफी सहित लंगर कमेटी के इमरान अंसारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शाहनवाज रहे। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद प्रतिनिधि इकराम अहमद, हाजी राशिद, डॉ. फैजयाब और पार्षद शाहजहां बेगम शामिल रहे।
इस मौके पर मोहम्मद सलीम, जरगाम, अब्दुल कदीर, दिलदार, सरताज आलम, तस्लीम अंसारी, सुहैल और अदनान समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। देर रात तक चले कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
