हल्द्वानी - कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
हल्द्वानी - प्राचीन श्रीराम मंदिर, रामलीला मोहल्ला में श्रीरामचंद्र मंदिर प्रबंधन समिति के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ आज प्रातः भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भगवान के जयघोष के साथ नगर भ्रमण किया।
श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं भक्ति भाव से यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के पश्चात मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। सायंकाल आयोजित कथा में पूज्य व्यासपीठ से कथा के प्रथम दिवस भगवान की महिमा, श्रीमद्भागवत के महत्व एवं मानव जीवन में धर्म, भक्ति और सदाचार की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। श्रद्धालु कथा का रसपान कर भाव-विभोर हो गए।
श्रीरामचंद्र मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी दिनों में भी प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया। समिति ने बताया कि कथा का समापन 24 जुलाई को होगा तथा 25 जुलाई को पूर्णाहुति, यज्ञ एवं भंडारे के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा।
