हल्द्वानी - सगाई के सात दिन बाद युवक की सड़क हादसे में गई जान, दोस्त की हालत गंभीर, परिवार में मचा कोहराम
हल्द्वानी/कालाढूंगी - कालाढूंगी हाईवे पर चौधरी गेट के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे कैंटर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 22 वर्षीय लोकेश मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सुनील एसटीएच के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
मृतक लोकेश मौर्य, रूपपुर चकलुवा निवासी था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि शनिवार शाम लोकेश अपने दोस्त सुनील, निवासी बरहैनी, के साथ खरीदारी के लिए हल्द्वानी आया था। रात में दोनों वापस गांव लौट रहे थे कि तभी चौधरी गेट के पास तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पुलिस ने दोनों को एसटीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लोकेश को मृत घोषित कर दिया। सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। सुनील मजदूरी का कार्य करता है।
परिजनों के अनुसार लोकेश की शादी दिल्ली में तय हुई थी और मात्र सात दिन पहले ही उसकी सगाई हुई थी। परिवार विवाह की तैयारियों में व्यस्त था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने घर में खुशी का माहौल मातम में बदल दिया। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले कैंटर की तलाश शुरू कर दी है। घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
