हल्द्वानी - नाली किनारे भ्रूण मिलने से सनसनी, रेलवे बाजार क्षेत्र में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी
हल्द्वानी - शहर के रेलवे बाजार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब जगदीश होटल के पीछे नाली किनारे एक भ्रूण मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी को तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की है।
