रुद्रपुर - मीना शर्मा का कोतवाली में धरना, पूर्व विधायक ठुकराल पर मुकदमा हुआ दर्ज, जानिए क्या है प्रकरण 

 | 
रुद्रपुर - मीना शर्मा का कोतवाली में धरना, पूर्व विधायक ठुकराल पर मुकदमा हुआ दर्ज, जानिए क्या है प्रकरण 

रुद्रपुर - पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा मंगलवार को दर्जनों महिलाओं के साथ कोतवाली पहुंचीं और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मीना शर्मा ने आरोप लगाया कि एक वर्ष पूर्व सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें आवाज पूर्व विधायक ठुकराल की बताई जा रही है। वायरल ऑडियो में उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के साथ उनके चरित्र पर भी लांछन लगाए गए।

मीना शर्मा का कहना है कि इस मामले को लेकर उन्होंने एक वर्ष पहले ही शिकायत दर्ज कराई थी। मामला महिला आयोग तक भी पहुंचा, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वायरल ऑडियो एआई या डीपफेक तकनीक से तैयार किया गया है, तो इसकी भी निष्पक्ष जांच पुलिस को करनी चाहिए।

धरने के दौरान मीना शर्मा भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने एक वर्ष तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगी। धरने की सूचना पर एसडीएम मनीष विष्ट, कोतवाल मनोज रतूड़ी और सीओ प्रशांत कुमार मौके पर पहुंचे और मीना शर्मा से वार्ता की। एसडीएम द्वारा तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद धरना समाप्त कराया गया।

धरना समाप्त होने के तुरंत बाद पुलिस ने एक वर्ष पूर्व वायरल ऑडियो प्रकरण में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ बीएनएस की धारा 252 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोप सिद्ध होने पर संबंधित धाराओं में दो से तीन वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। धारा 79 बीएनएस महिलाओं के खिलाफ अपशब्द कहने और चरित्र हनन से जुड़े मामलों में लागू की जाती है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now