रुद्रपुर - इंदिरा चौक का बदलेगा नाम, जानिए शहर के इस प्रमुख चौराहे का नाम बदलकर अब क्या रखा जायेगा

रुद्रपुर - शहर के प्रमुख चौराहों को धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों से जोड़ने की योजना के तहत रुद्रपुर में ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। नगर निगम महापौर विकास शर्मा की पहल पर आज शाम इंदिरा चौक पर त्रिशूल की स्थापना की शुरुआत होगी। महापौर विकास शर्मा एवं श्री अमरनाथ सेवा मंडल के पदाधिकारी शाम 6 बजे भूमि पूजन करेंगे। भूमिपूजन के साथ ही इस चौराहे का नाम ‘त्रिशूल चौक’ रखा जाएगा। हालांकि औपचारिक नामकरण की घोषणा आगामी भव्य समारोह में की जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि निगम चुनाव के समय उन्होंने वायदा किया था कि रुद्रपुर के प्रमुख चौराहों को धार्मिक प्रतीकों के माध्यम से एक नई सांस्कृतिक पहचान दी जाएगी। त्रिशूल, डमरू, धर्मचक्र जैसे प्रतीकों की स्थापना से न केवल धार्मिकता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि चौराहों का स्वरूप भी भव्य बनेगा।

उन्होंने कहा, “यह केवल शहरी सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि रुद्रपुर की धार्मिक भावना और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रयास है।” इस पूरी योजना को नगर निगम द्वारा तैयार कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रस्तुत किया गया था। मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस योजना की सार्वजनिक घोषणा भी की थी।
महापौर ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना होने से पहले वह स्वयं त्रिशूल चौक का भूमि पूजन करेंगे। यह शुरुआत है – जल्द ही शहर के अन्य प्रमुख चौराहों को भी धार्मिक प्रतीकों से सजाया जाएगा।
जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर आगमन पर ‘त्रिशूल चौक’ का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा। नगर निगम ने कार्य को समयबद्ध पूरा करने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया है।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर रखा था नाम -
इंदिरा चौक का नाम देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सम्मान में रखा गया था। यह परंपरा पूरे भारत में देखने को मिलती है कि विभिन्न नगरों और शहरों के प्रमुख चौराहों, सड़कों, पार्कों और संस्थानों का नाम उन राष्ट्रीय नेताओं के नाम पर रखा जाता है जिन्होंने देश के लिए अहम योगदान दिया हो। उनके कार्यकाल के दौरान और बाद में, कई राज्यों और नगर निगमों द्वारा उनके नाम पर स्थानों का नामकरण किया गया, जिसमें रुद्रपुर का यह चौक भी शामिल है।