रुद्रपुर - तीसरे दिन भी किसानों का धरना जारी, आगे की रणनीति पर होगा मंथन, इन मांगों को लेकर आंदोलित हैं फॉर्मर
रुद्रपुर - भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर कलक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट पर किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन में आसपास के क्षेत्रों से किसानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। धरना स्थल पर किसानों की संख्या बढ़ने के साथ ही आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय करने की तैयारी की जा रही है।
किसान सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। शुक्रवार को किसानों ने कलेक्ट्रेट कूच का प्रयास किया था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें परिसर में प्रवेश से पहले ही रोक दिया। इसके लिए कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था। किसानों की प्रमुख मांगों में प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, किसानों पर जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाने और किसानों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देने की मांग शामिल है।
कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे किसानों को रोके जाने के बाद मौके पर पुलिस और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। किसान कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश की मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान किसानों ने बैरिकेडिंग को धक्का दिया, जिससे कुछ बैरिकेडिंग उखड़ गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों के प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू की।
आंदोलन के दौरान कुछ किसान मौके पर खड़ी जेसीबी के पास भी पहुंच गए और उसे अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी। कलेक्ट्रेट में प्रवेश नहीं मिलने पर किसानों ने रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर ही धरना शुरू कर दिया। सड़क पर किसानों के बैठने से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। प्रशासनिक अधिकारी किसानों के प्रतिनिधियों से लगातार वार्ता कर रहे हैं।

