Rudrapur Crime - सिडकुल कंपनी के लिए निकली युवती डीडी चौक पर मिली बेसुध हुई मौत, जहर सेवन की आशंका
रुद्रपुर - सिडकुल स्थित कंपनी में काम करने के लिए निकली एक युवती सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में डीडी चौक पर बेसुध अवस्था में मिली। यातायात पुलिस की महिला कर्मी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया जहर सेवन की आशंका जता रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे यातायात पुलिसकर्मी नीतू बिष्ट को डीडी चौक पर एक युवती अचेत अवस्था में पड़ी मिली। उन्होंने सहयोगियों की मदद से युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान मीनू पाल पुत्री महिपाल निवासी भरीगवां, थाना शेरामऊ दक्षिण, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि मीनू पाल रुद्रपुर के शिमला बहादुर क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थी।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम एवं महिला उपनिरीक्षक पूनम रावत के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतका की सहेली भावना तिवारी ने पुलिस को बताया कि मीनू बुधवार सुबह खाना बनाकर ड्यूटी पर जाने की बात कहकर कमरे से निकली थी, लेकिन कुछ देर बाद उसके बेसुध मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल पर मृतका के जीजा के मित्र अरुण कुमार भी पहुंचे। उनके माध्यम से शाहजहांपुर में रह रहे परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला जहर सेवन का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
