रुड़की- आईआईटी रुड़की के 179वें स्थापना दिवस समारोह में राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार सम्मानित
रुड़की - राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार बुधवार को अपनी मातृ संस्था आईआईटी रुड़की के 179वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन प्रो. प्रेम व्रत की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया। समारोह में श्रुति गंगवार ने अपने सहपाठियों और संस्थान के पूर्व छात्रों से मुलाकात कर पुरानी यादें साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों से भी संवाद किया और उनके उत्साह एवं आकांक्षाओं की सराहना की।

इस दौरान उन्होंने इंटरनेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर डैम्स (ICED) का भ्रमण किया और डैम सेफ्टी पर शोध कर रहे एमटेक एवं पीएचडी विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने संस्थान के टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर TIDES का भी दौरा किया।
अपने संबोधन में श्रुति गंगवार ने कहा कि आज वह यहां सांसद के रूप में नहीं, बल्कि एक पूर्व छात्रा के रूप में उपस्थित हैं और इस पहचान पर उन्हें सबसे अधिक गर्व है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की ने उन्हें विश्लेषणात्मक सोच, समस्याओं का समाधान तलाशने और जीवन में आगे बढ़ने की क्षमता दी। इन्फोसिस से लेकर उद्यमिता, बैंकिंग, समाज सेवा और राज्यसभा तक की उनकी यात्रा में संस्थान की शिक्षा और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कहा कि सेमीकंडक्टर, बैटरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भारत को आत्मनिर्भर बनाने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। उन्होंने आईआईटी रुड़की के आदर्श वाक्य 'श्रमं विना न किमपि साध्यम्' का उल्लेख करते हुए कहा कि बिना परिश्रम के कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता। किसी भी सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
उन्होंने कहा कि किसी संस्थान की वास्तविक विरासत उसके इतिहास में नहीं, बल्कि उन पीढ़ियों में होती है जिन्हें वह निरंतर प्रेरित करता है। अपनी मातृ संस्था में सम्मानित होना उनके लिए गर्व और भावनात्मक जुड़ाव का विशेष क्षण है।





