नैनीताल - ऑल सेंट्स कॉलेज की कक्षा 4 की छात्रा ऋतिका भट्ट ने राष्ट्रीय एनसीआर कप गोल्फ टूर्नामेंट में जीता कांस्य पदक
नैनीताल (संजय नागपाल)। सरोवर नगरी के प्रतिष्ठित ऑल सेंट्स कॉलेज की कक्षा 4 की छात्रा एवं उभरती हुई युवा गोल्फ खिलाड़ी ऋतिका भट्ट ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नैनीताल का नाम रोशन किया है। ऋतिका ने नोएडा के जेपी ग्रीन्स विशटाउन में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय एनसीआर कप–26वीं एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट में डी कैटेगरी में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाशाली एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता कुल 36 होल की थी, जिसमें प्रतिदिन 18 होल खेले गए। चुनौतीपूर्ण और कड़े मुकाबले के बीच ऋतिका ने बेहतरीन खेल कौशल, धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। ऋतिका की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने इसी वर्ष जून में डी कैटेगरी में प्रवेश किया है। कैटेगरी में शामिल होने के कुछ ही महीनों के भीतर प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पोडियम फिनिश हासिल करना उनके लिए शानदार उपलब्धि है।
ऋतिका की इस उपलब्धि पर ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, सहपाठियों, परिवार और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि ऋतिका आने वाले समय में भी अपने शानदार प्रदर्शन से गोल्फ के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगी। ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की प्रधानाचार्या ने ऋतिका की इस उपलब्धि को देश, प्रदेश और झील नगरी नैनीताल के लिए गौरव का पल बताया।


