हल्द्वानी - कारोबारी की मौत के बाद शर्मनाक हरकत, मृतक के शव से चुराई अंगूठी और मोबाइल, दो युवक गिरफ्तार
हल्द्वानी - शहर में एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके शव से अंगूठी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बरेली रोड तल्ली हल्द्वानी निवासी 45 वर्षीय कारोबारी अरुण बिष्ट 27 फरवरी की सुबह करीब नौ बजे अपने घर से कार लेकर निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
अगले दिन 28 फरवरी को रामपुर रोड पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने सुबह करीब नौ बजे परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने व्यक्ति की पहचान अरुण बिष्ट के रूप में की और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के पिता गोपाल सिंह बिष्ट ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पंचनामा में दर्ज सामान के अलावा अरुण के हाथ में पहनी सोने की अंगूठी और कार में रखा मोबाइल फोन मौके से गायब था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके आधार पर पुलिस ने गौजाजाली निवासी मोहम्मद उवेश उर्फ मुन्ना और इंद्रानगर निवासी मोहम्मद सैफ अली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है।
