हल्द्वानी - आनन्दा एकेडमी डहरिया में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, मेधावी विद्यार्थियों को बांटी छात्रवृत्ति
हल्द्वानी - आनन्दा एकेडमी डहरिया में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसे विद्यालय के प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह बिष्ट, मुख्य अतिथि शहीद फ्लाइंग ऑफिसर पंकज जोशी के पिता जगदीश चंद्र जोशी एवं माता पुष्पा जोशी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं तथा कवितापाठ के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत किया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कविता जोशी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें न केवल स्वतंत्रता की रक्षा, बल्कि अपने कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल अच्छे अंक ही नहीं, बल्कि कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि कौशल ही सफलता की कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, जिसमें किरन कबडवाल को ₹15,000, अर्शाली शर्मा को ₹10,000 तथा चन्द्रमोहन को ₹5,000 की छात्रवृत्ति दी गई।
विद्यालय के प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय की लाइब्रेरी का नाम शहीद फ्लाइंग ऑफिसर पंकज जोशी की स्मृति में ‘फ्लाइंग ऑफिसर पंकज जोशी विंग्स ऑफ़ विजडम लाइब्रेरी’ रखा गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या माया बिष्ट ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका दीक्षा बिष्ट, उप प्रधानाचार्या सुष्मिता बगडवाल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने आनन्दा एकेडमी परिवार को देशप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया।
