रामनगर - राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में खराब सड़कों को लेकर PWD कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
 

 | 
रामनगर - राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में खराब सड़कों को लेकर PWD कार्यालय का घेराव और प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

रामनगर - क्षेत्र की जर्जर और बदहाल सड़कों के सुधारीकरण व डामरीकरण की मांग को लेकर वरिष्ठ पत्रकार राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों, होटल कारोबारियों और जिम कॉर्बेट जीएम एसोसिएशन के सदस्यों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से दरम्वाल ने कहा कि रामनगर क्षेत्र की अधिकांश ग्रामीण सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। खासतौर पर छोई मार्ग, क्यारी गांव को जोड़ने वाली सड़क, पाटकोट मार्ग, तेलीपुरा और जस्सागांजा की सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं, जिन पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को चोटिल होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग केवल कागजों में खानापूर्ति कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। रामनगर से लेकर हल्द्वानी और देहरादून तक सड़क निर्माण और मरम्मत के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, लेकिन कई फाइलें महीनों और वर्षों से अधिकारियों की टेबलों पर धूल फांक रही हैं।

राहुल ने सवाल उठाया कि आखिरकार जनता के प्रति अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी सड़क का प्रस्ताव पास होने के बाद भी 6 महीने से लेकर डेढ़ साल तक काम शुरू नहीं हो पा रहा है तो यह स्पष्ट रूप से विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा हो।

वहीं जिम कॉर्बेट जीएम एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी खराब सड़कों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क पहुंचने वाले देश-विदेश के पर्यटक टूटी सड़कों के कारण बेहद परेशान हैं और निराश होकर लौट रहे हैं। छोई और क्यारी गांव की सड़कें पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।

इस दौरान करन बिष्ट, सौरभ छिमवाल, रवि तिवारी, अध्यक्ष राजीव शाह, उपाध्यक्ष सुन्दर सिंह बिष्ट, सचिव किरण सागर, राजेश पंत, प्रकाश पाठक, देवी सिंह, बबीता मेहरा, एन.डी. पालीवाल, लक्ष्मण रावत, दीप छाबड़ा, मनीष, पुष्पेंद्र, महिपाल, सुधीर समेत दर्जनों स्थानीय लोग और होटल कारोबार से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now