रामनगर - बीजेपी कार्यकर्ता मदन जोशी ने जमानत नहीं मिलने पर कोतवाली में किया आत्मसमर्पण, इस मामले में बनाया है आरोपी
रामनगर - रामनगर में बीते कई दिनों से फरार चल रहे बीजेपी कार्यकर्ता मदन जोशी ने आखिरकार सोमवार को कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। हाईकोर्ट से अग्रिम ज़मानत और एफआईआर निरस्तीकरण याचिका पर कोई राहत न मिलने के बाद उन्होंने मजबूरन आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया। मदन जोशी स्कूटी से कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सामने सरेंडर किया।
समर्थकों ने लगाए नारे, पुलिस ने हटाया -
मदन जोशी के आत्मसमर्पण की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक कोतवाली के बाहर जमा हो गए। इस दौरान समर्थक नारेबाजी करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को कोतवाली से दूर किया ताकि प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी हो सके।
भैंस के मीट को गाय का मांस बताकर माहौल बिगाड़ने का आरोप -
23 अक्टूबर को मदन जोशी पर आरोप है कि उन्होंने भैंस के मांस को गाय का मांस बताकर लोगों को उकसाने की कोशिश की। साथ ही, भैंसे का मीट ला रहे ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का भी आरोप है। इसी मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी।
एफआईआर के बाद से थे फरार -
एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही मदन जोशी गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने अग्रिम जमानत और एफआईआर रद्द करने की याचिकाएँ दायर की थीं, लेकिन अदालत से राहत न मिलने पर उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा।
मदन जोशी पहले बीजेपी रामनगर मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। स्थानीय राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
