रामनगर - भाजपा नगर मंत्री को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर भड़के कार्यकर्ता, देर रात कोतवाली में दिया धरना

 | 
रामनगर - भाजपा नगर मंत्री को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने पर भड़के कार्यकर्ता, देर रात कोतवाली में दिया धरना

रामनगर - जन्माष्टमी के अवसर पर कोसी रोड पर लव जिहाद के विरोध में झांकी लगाने के मामले में भाजपा नगर मंत्री को हिरासत में लिए जाने से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। शनिवार देर रात बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रामनगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला भवानीगंज निवासी भाजपा नगर मंत्री राजेंद्र रावत ने शुक्रवार को कोसी रोड पर लव जिहाद को दर्शाती झांकी लगाई थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने उन्हें इसी मामले में हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता देर रात करीब 10 बजे कोतवाली पहुंच गए।

भाजपा नगराध्यक्ष भूपेंद्र खाती, मदन जोशी, संजय डोर्बी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता कोतवाली में धरने पर बैठ गए। भाजपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना लिखित शिकायत के पार्टी पदाधिकारी को किस आधार पर हिरासत में लिया गया।

भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नगर मंत्री को नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में रखने और समय से न्यायालय में पेश करने की मांग की। वहीं, कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले में सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में बीएनएस की धारा 196 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस की ओर से नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात भाजपा कार्यकर्ता धरने से उठकर वापस लौट गए। इस दौरान नवीन करगेती, चंदन बिष्ट, शलभ मित्तल, आकाश आर्या, नितिका पांडे, दीपक रावत, पारस गोला, दीपक राणा और जयप्रकाश जोशी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 

WhatsApp Group Join Now