लालकुआं - शराब के नशे में मारपीट और हंगामा पर पुलिस का कड़ा एक्शन, शांति व्यवस्था भंग करने पर पांच लोग गिरफ्तार
हल्दूचौड़ - क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने आपसी विवाद और मारपीट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार 21 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम खड़कपुर स्थित काली मंदिर के पास दो पक्षों के बीच शराब के नशे में विवाद और मारपीट हो रही है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई थी। जांच में पता चला कि दोनों पक्षों के लोग आपस में झगड़ा कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार उग्र होते गए और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए। स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में विजय कुमार पुत्र पनी राम, निवासी काली मंदिर के पास, खड़कपुर, हल्दूचौड़, थाना लालकुआं, जनपद नैनीताल, उम्र 24 वर्ष।अमित कुमार पुत्र पनी राम, निवासी उपरोक्त, उम्र 33 वर्ष, कृष्णा आर्या पुत्र पनी राम, निवासी उपरोक्त, उम्र 33 वर्ष, विजय आर्या पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी काली मंदिर के पास, खड़कपुर, हल्दूचौड़, थाना लालकुआं, जनपद नैनीताल, उम्र 34 वर्ष, प्रकाश राम पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी उपरोक्त, उम्र 34 वर्ष शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने और कानून हाथ में न लेने की अपील की है।
