हल्द्वानी - शहर में तनाव पर पुलिस की कड़ी नजर, उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई शुरू, अपवाह फैलाने वालों पर होगा एक्शन 

 | 
हल्द्वानी - शहर में तनाव पर पुलिस की कड़ी नजर, उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई शुरू, अपवाह फैलाने वालों पर होगा एक्शन 

हल्द्वानी - शहर में शुक्रवार को एक नवजात पशु का सिर मिलने की सूचना के बाद कुछ इलाकों में तनाव फैल गया। मौके की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की गहन जांच की, जिसमें साफ हुआ कि जंगल की ओर से एक कुत्ता यह अंग लेकर आता दिखाई दिया। स्थानीय जांच में भी यह पुष्टि हुई कि यह किसी वन्य क्षेत्र में पशु के ब्याने का हिस्सा था, जिसे कुत्ता बाहर ले आया। तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित संगठनों को स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद माहौल शांत हो गया। साथ ही, अज्ञात के खिलाफ शक के आधार पर तहरीर देकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जानवर के अवशेष को कब्जे में लेकर परीक्षण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।

 

हालांकि, पुलिस की त्वरित जांच और स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने शहर के कुछ हिस्सों में अनावश्यक भीड़ जुटाकर उपद्रव और तोड़फोड़ की। पुलिस अब ऐसे उपद्रवियों की पहचान कर रही है और सभी के खिलाफ कठोर धाराओं में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर भारी बल तैनात कर दिया है। 


प्रशासन ने निम्न बलों की तैनाती की— 04 क्षेत्राधिकारी (CO) सभी थानाध्यक्ष, पर्याप्त पुलिस बल और PAC, PHQ एवं रेंज से प्राप्त अतिरिक्त फोर्स, आवश्यकता अनुसार पैरामिलिट्री बल लगाया गया है। नैनीताल पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। हर उपद्रवी की वीडियोग्राफी की जा रही है, और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी लगातार सक्रिय है। भड़काऊ पोस्ट, मैसेज या कमेंट करने वालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई तय है। पुलिस ने आम जनता से शांति, संयम और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है, साथ ही सहयोग कर कानून व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया है।

WhatsApp Group Join Now