उत्तराखंड- दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल को, पीएम मोदी करेंगे डाट काली मंदिर में ध्यान

 | 
उत्तराखंड- दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल को, पीएम मोदी करेंगे डाट काली मंदिर में ध्यान

देहरादून - उत्तराखंड के लिए 14 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिन राज्य दौरे पर रहेंगे और बहुप्रतीक्षित दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी, जिससे आम जनता, पर्यटकों और व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा।


यह परियोजना लंबे समय से निर्माणाधीन थी और अब इसके शुरू होने से उत्तराखंड को देश के बड़े शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। माना जा रहा है कि इससे राज्य में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।


तैयारियों में जुटी सरकार - 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम की तैयारियों का खुद जायजा लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा, यातायात, सड़क मार्ग और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लिए गर्व का अवसर बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।


डाट काली मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान Dat Kali Temple में मां काली के दर्शन और ध्यान भी करेंगे। यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। पीएम मोदी पहले भी अपने दौरों में धार्मिक स्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना करते रहे हैं।


1804 से जल रही अखंड ज्योति - 
डाट काली मंदिर की विशेषता इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक मान्यता है। यहां वर्ष 1804 से अखंड ज्योति जल रही है। मान्यता है कि सुरंग निर्माण के दौरान आई बाधाओं के बाद मां काली की स्थापना की गई थी, जिसके बाद से कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ।


मंदिर को एक सिद्धपीठ भी माना जाता है, जहां माता सती के अंग गिरने की मान्यता है। स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है।

 


आध्यात्म और विकास का संगम - 
प्रधानमंत्री का यह दौरा जहां एक ओर उत्तराखंड को बड़ी विकास परियोजना की सौगात देगा, वहीं दूसरी ओर धार्मिक आस्था से भी जुड़ा रहेगा। एक्सप्रेसवे के उद्घाटन और मंदिर दर्शन के साथ यह दिन राज्य के लिए कई मायनों में खास बन जाएगा।

WhatsApp Group Join Now