ओखलकांडा - तीन दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है पत्नी का हत्यारा भीम सिंह, मां के घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं मासूम
नैनीताल - विकासखंड ओखलकांडा के तल्ला क्षेत्र में पत्नी डिक्री देवी की डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोपी पति भीम सिंह उर्फ मोनू घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर पर खनस्यूं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक 21 अगस्त की रात तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह ने घर के अंदर अपनी पत्नी डिक्री देवी के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने शराब के नशे में डंडों से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर भौतिक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद रविवार शाम मृतका के शव का हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को मृतका के पिता गुमान सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर अपने दामाद भीम सिंह के खिलाफ बेटी की हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उसकी तलाश में जुटी हैं। सोमवार को गमगीन माहौल में डिक्री देवी का चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गांव में भी घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
मां के लौटने का इंतजार कर रहे मासूम -
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू मृतका के चार मासूम बच्चों की स्थिति है। बच्चों को अभी पूरी तरह यह अहसास नहीं है कि उनकी मां अब कभी वापस नहीं लौटेगी। वे अब भी मां के घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है।
परिवार की इस मुश्किल घड़ी में गांव के कुछ पड़ोसियों ने बच्चों की जिम्मेदारी संभाली है। फिलहाल पड़ोसी ही उनकी देखरेख कर रहे हैं और जरूरत का सामान उपलब्ध करा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी।
ओखलकांडा में शराब को लेकर गुस्सा -
ओखलकांडा में डिक्री देवी हत्याकांड के बाद लोगों में गुस्सा है, बताया जा रहा है, यहां कई गावों में शराब खुलेआम बिकती है, ऐसे में अवैध शराब हल्द्वानी या फिर खनस्यूं की भट्टियों से सप्लाई की जाती है उसके बाद उसे ऊंचे दामों पर बेचा जाता है, और कई जगहों पर आये दिन मारपीट की घटनाएं सामने आती रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा।



