हल्द्वानी - तीनपानी से मंगलपड़ाव तक 227 अतिक्रमणकारियों को नोटिस, 15 दिन में हटाना होगा कब्जा
हल्द्वानी - शहर में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। तीनपानी से मंगलपड़ाव तक चिह्नित 227 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन खुद अतिक्रमण हटाएगा और उसका खर्च भी संबंधित लोगों से वसूला जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने जानकारी देते हुए बताया कि तीनपानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की योजना लंबे समय से प्रस्तावित है। इस मार्ग को दोनों ओर से 12-12 मीटर तक चौड़ा किया जाना है, ताकि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके।
उन्होंने बताया कि करीब चार माह पहले प्रशासन ने तीनपानी से मंगलपड़ाव और उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी से तीनपानी तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित करते हुए लाल निशान लगाए थे। साथ ही लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए समय भी दिया गया था, लेकिन अधिकांश लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने विभागीय अधिकारियों के साथ नरीमन तिराहे से गौला पुल तक सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर अब भी सरकारी भूमि पर कब्जा बना हुआ है, जिससे सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। हालांकि, प्रशासन की सख्ती और नोटिस जारी होने के बाद अब कुछ लोग खुद ही अपने अतिक्रमण हटाने लगे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि तय समय के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ हटाने में आने वाला खर्च भी संबंधित अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा।
