हल्द्वानी - आनंदा एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और शोध की भावना हुई जागृत 

 | 
हल्द्वानी - आनंदा एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और शोध की भावना हुई जागृत
हल्द्वानी (जिया सती) 
डहरिया स्थित आनंदा एकेडमी में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शनिवार को विशेष कार्यक्रम एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच का विकास करना तथा उन्हें विज्ञान के प्रति जागरूक और प्रेरित करना रहा।
विद्यालय प्रबंधक भूपेंद्र सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि वर्ष 2026 की थीम ‘विज्ञान के क्षेत्र में बच्चों की भागीदारी’ निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और शोध की भावना को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निर्देशिका दीक्षा बिष्ट के निर्देशन में किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल व आकर्षक चार्ट प्रस्तुत किए। छात्रों ने अपने प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को सरल, रोचक और व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया, जिससे उपस्थित अभिभावक एवं अतिथि विशेष रूप से प्रभावित हुए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या माया बिष्ट, उप-प्रधानाचार्या सुष्मिता बगडवाल, सीनियर कोऑर्डिनेटर सुनीता भाकुनी सहित नवनीता जोशी, फाल्गुनी बिष्ट, दिक्षु नेगी, आदित्य जेटली, अभय जोशी और तानिया भोला ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजनों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
WhatsApp Group Join Now