नैनीताल - दुःखद, भीमताल में फिर वन्यजीव ने महिला को बनाया निवाला, चारा लेने गई हेमा की बॉडी दो किलोमीटर मिली दूर
भीमताल - ब्लॉक के ज्योली गांव में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी दया किशन पांडेय की पत्नी हेमा पांडेय (47 वर्ष) बुधवार दोपहर जंगल में चारा लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग तुरंत जंगल की ओर दौड़े और काफी खोजबीन के बाद महिला का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। आपको बताएं की इसी साल पहले भी दो घटनाएं भीमताल में हुई हैं। मौके पर पहुंचे ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने प्रभागीय वनाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। गांव में इस घटना के बाद से भय का माहौल बना हुआ है।
