नैनीताल - “टीचर दो, टीचर दो!” शिक्षकों की कमी से परेशान बेटियों ने खोला मोर्चा, इंटर कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन

 | 
नैनीताल - “टीचर दो, टीचर दो!” शिक्षकों की कमी से परेशान बेटियों ने खोला मोर्चा, इंटर कॉलेज में छात्राओं का प्रदर्शन

नैनीताल - जिले के बेतालघाट स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी से परेशान छात्राओं ने अब अपनी आवाज बुलंद की है। विद्यालय की छात्राओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे सरकार से “टीचर दो, टीचर दो” की मांग करती नजर आ रही हैं। गुरुवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राएं शिव मंदिर प्रांगण में एकत्र हुईं और सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने शिक्षा विभाग और राज्य सरकार से विद्यालय में लंबे समय से रिक्त चल रहे शिक्षकों के पदों को तत्काल भरने की मांग की।

अभिभावक संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में छात्राओं ने कहा कि विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं का सवाल था कि जब स्कूल में शिक्षक ही नहीं होंगे तो बेटियों की शिक्षा कैसे पूरी होगी? जानकारी के अनुसार, विद्यालय में इंटर स्तर पर प्रवक्ताओं के सभी 9 पद रिक्त हैं। वहीं स्नातक स्तर पर स्वीकृत 10 पदों में से 5 पद खाली हैं। ऐसे में कुछ विषयों की पढ़ाई अतिथि शिक्षकों और पीटीआर शिक्षकों के भरोसे चल रही है।

अभिभावकों का कहना है कि जिन बेटियों को कॉपी-किताब लेकर विद्यालय जाकर पढ़ाई करनी चाहिए, उन्हें आज अपने शिक्षा के अधिकार के लिए धरना-प्रदर्शन कर आवाज उठानी पड़ रही है। छात्राओं का यह सांकेतिक प्रदर्शन शिक्षा विभाग और सरकार के लिए एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। छात्राओं और अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि विद्यालय में रिक्त सभी पदों पर तत्काल स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।

WhatsApp Group Join Now