नैनीताल - पुलिस ने जंगल में भटके छात्र को सुरक्षित यहां से ढूंढ निकाला, इस वजह से हो गया था लापता
नैनीताल - नैनीताल पुलिस ने रविवार को चीना पीक के जंगल में भटक गए एक बालक को सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों के पास पहुंचाया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजन और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। कोतवाली मल्लीताल पर 112 कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि जे०एस० कार्की अपने दोस्तों के साथ चीना पीक घूमने गया था, लेकिन रास्ता भटककर जंगल में खो गया। सूचना मिलते ही डॉ० जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के निर्देश में प्रभारी कोतवाली मल्लीताल प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची।
प्रारंभिक खोजबीन के बावजूद बालक नहीं मिल सका। रात्रि होते ही अतिरिक्त सहायता के लिए एसडीआरएफ और फायर टीम को भी बुलाया गया। पॉलिटेक्निक के छात्रों ने भी पूरी रात पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ मिलकर चीना पीक, कैमल बैक और गैरिखेत क्षेत्रों में खोजबीन की।
एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० ने पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का लगातार फॉलोअप लिया और टीम को मार्गदर्शन प्रदान किया। लगातार सघन खोजबीन के बाद आज प्रातः बालक को चीना पीक से वन देवी मंदिर जाने वाले रास्ते के पास सकुशल पाया गया। जंगल में भटकते समय बालक चोटिल हो गया था। पुलिस टीम ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए बी०डी० पांडे अस्पताल भर्ती कराया और तत्परता से परिजनों को सूचित कर बालक को उनके सुपुर्द किया। बालक के परिजनों ने पुलिस टीम को धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
