नैनीताल - चीड़ का पेड़ गिरने से हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग बाधित, कमिश्नर दीपक रावत ने मौके पर रहकर खुलवाया
नैनीताल - हल्द्वानी-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर वल्दिया खान क्षेत्र में रविवार दोपहर चीड़ का पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सड़क से गुजर रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल जिला आपदा प्रबंधन, पुलिस विभाग तथा प्रशासन के अधिकारियों को फोन कर सड़क से पेड़ हटाने एवं यातायात सुचारू करने के निर्देश दिए।
कुमाऊं आयुक्त ने सड़क पर फंसे यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही पेड़ हटाकर मार्ग को खोल दिया जाएगा। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पेड़ हटाने की कार्रवाई शुरू की।
इस दौरान कई दोपहिया वाहन चालक पेड़ के किनारे या नीचे से जबरन वाहन निकालने का प्रयास कर रहे थे। सुरक्षा को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त ने उन्हें रोका और ऐसा जोखिम न लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाधित मार्ग के दौरान जल्दबाजी करने से दुर्घटना की संभावना बढ़ सकती है, इसलिए सभी यात्री संयम बनाए रखें। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन की तत्परता से जल्द ही यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई।
