नैनीताल - भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 20 जुलाई को 12 तक सभी स्कूल और रहेंगे बंद, डीएम ने दिया यह आदेश
नैनीताल - जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 20 जुलाई के लिए नैनीताल जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसी परिस्थितियों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 जुलाई (सोमवार) को अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
