नैनीताल - ब्रिटेन में कैद कैप्टन अजय पंत की रिहाई को सांसद आए आगे, विदेश मंत्रालय से संपर्क, जानिए क्यों किया गिरफ्तार 

 | 
नैनीताल - ब्रिटेन में कैद कैप्टन अजय पंत की रिहाई को सांसद आए आगे, विदेश मंत्रालय से संपर्क, जानिए क्यों किया गिरफ्तार 

रामनगर - ब्रिटेन में हिरासत में लिए गए चिल्किया गांव निवासी कैप्टन अजय पंत की रिहाई के प्रयास तेज हो गए हैं। पौड़ी सांसद अनिल बलूनी और नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रूस से प्रतिबंधित क्रूड ऑयल लेकर गुजरात लौट रहे जहाज के कप्तान अजय पंत को इंग्लिश चैनल पार करते समय ब्रिटिश सशस्त्र बलों ने हिरासत में ले लिया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। पिता वीसी पंत, मां दीपा पंत, पत्नी रितु पंत और उनकी दो बेटियां उनकी सकुशल वापसी की प्रतीक्षा कर रही हैं।

अजय पंत के परिजनों ने उनकी रिहाई के लिए सांसद अनिल बलूनी और अजय भट्ट से गुहार लगाई है। मंगलवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश नैनवाल ने भी वीसी पंत से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इधर, अजय पंत के पिता वीसी पंत ने दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में उपसचिव के पद पर तैनात उत्तराखंड के अधिकारी मंगेश घिल्डियाल से भी संपर्क कर बेटे की शीघ्र रिहाई के लिए मदद मांगी है। उनका कहना है कि अजय ने जहाज कंपनी के निर्देशों का पालन करते हुए अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन किया है, इसलिए भारत सरकार को इस मामले में गंभीरता से पहल करनी चाहिए।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उन्हें अजय पंत के संबंध में परिजनों का संदेश मिला है। वह इस विषय पर विदेश मंत्रालय से बातचीत करेंगे तथा ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त से भी संपर्क करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं सांसद अजय भट्ट ने बताया कि उन्होंने इस मामले में विदेश मंत्री को ई-मेल भेजने के साथ फोन पर भी चर्चा की है। उन्होंने कहा कि अजय पंत ने अपने बचाव में यह मजबूत तर्क रखा है कि उन्होंने कंपनी के निर्देशों का पालन किया था। भारत का उच्चायोग इस मामले पर नजर बनाए हुए है। अजय की पत्नी की उनसे बातचीत भी हुई है और फिलहाल वह सुरक्षित हैं। मामले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

परिवार को शीघ्र रिहाई की उम्मीद - 
परिजनों को उम्मीद है कि भारत सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से कैप्टन अजय पंत को जल्द राहत मिलेगी और वह सकुशल अपने घर लौट सकेंगे।

WhatsApp Group Join Now