नैनीताल - डेढ़ साल बाद भी नहीं खुली लोअर मॉल रोड, 11 नवंबर से आमरण अनशन करेंगे व्यापार मंडल अध्यक्ष

 | 
नैनीताल - डेढ़ साल बाद भी नहीं खुली लोअर मॉल रोड, 11 नवंबर से आमरण अनशन करेंगे व्यापार मंडल अध्यक्ष

नैनीताल - सरोवर नगरी नैनीताल की महत्वपूर्ण लोअर मॉल रोड का पुनर्निर्माण कार्य करीब डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से कई बार काम पूरा करने की समयसीमा घोषित की गई, लेकिन हर बार तय तारीख निकलने के बाद भी सड़क यातायात के लिए नहीं खुल सकी। इससे स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने 11 नवंबर से आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।

दरअसल, लोअर मॉल रोड लंबे समय से क्षतिग्रस्त है और इसके पुनर्निर्माण का कार्य लगातार देरी का शिकार हो रहा है। अगस्त माह में पुनीत टंडन ने सड़क निर्माण में हो रही देरी के विरोध में मौके पर टेंट लगाकर सरकार और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। पांच दिन तक चले प्रदर्शन के बाद विभागीय अधिकारियों ने उनसे वार्ता कर 10 अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया था। अधिकारियों के आश्वासन पर पुनीत टंडन ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था। हालांकि, निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी सड़क का काम पूरा नहीं हुआ।

आश्वासन के बाद भी नहीं बदली स्थिति - 
पुनीत टंडन ने उस समय स्पष्ट किया था कि यदि 10 अक्टूबर तक काम पूरा नहीं हुआ तो वह दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। अब उन्होंने वीडियो जारी कर 11 नवंबर से आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल की सड़क का इतने लंबे समय तक बंद रहना स्थानीय कारोबार और लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर रहा है।

पीडब्ल्यूडी का दावा- आज खुल जाएगी सड़क - 
दूसरी ओर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़क जल्द खोलने का दावा कर रहे हैं। विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना के अनुसार, उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराने के कारण देरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि लोअर मॉल रोड को आज ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इसके लिए लोअर मॉल रोड को अपर मॉल रोड से जोड़ने वाले रैंप को हटाने का काम किया जा रहा है।

मौके पर अब भी अधूरा नजर आ रहा काम - 
हालांकि, मौके की स्थिति विभाग के दावों से अलग नजर आ रही है। निरीक्षण के दौरान वोट हाउस क्लब के सामने रैंप हटाने का काम बेहद धीमी गति से चलता दिखाई दिया। एक मजदूर सब्बल से रैंप तोड़ने में जुटा था। इसके अलावा लोअर मॉल रोड पर रेत, बजरी और मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। सड़क किनारे नवनिर्मित दीवार पर प्लास्टर का काम भी जारी है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सड़क पर अभी निर्माण और मरम्मत के कई काम बाकी हैं तो इसे यातायात के लिए खोलने का दावा कितना व्यावहारिक है। फिलहाल विभाग के दावे और मौके की स्थिति के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि विभाग अपनी घोषित समयसीमा पर सड़क खोल पाता है या फिर स्थानीय व्यापारियों को एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

WhatsApp Group Join Now