नैनीताल - भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए यह निर्देश

 | 
नैनीताल - भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए यह निर्देश DM Nainital Lalit Mohan Rayal

नैनीताल - भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से 29 जुलाई (बुधवार) को जनपद नैनीताल में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मार्गों पर मलबा आने, पेड़ गिरने या यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए मलबा एवं गिरे हुए पेड़ों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कर्मियों की 24 घंटे तैनाती रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने मुख्यालयों में अलर्ट मोड पर रहेंगे और मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखेंगे। इसके साथ ही तहसील स्तर पर गठित क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। आपदा या आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 या टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।

WhatsApp Group Join Now