नैनीताल - मानसून के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना पड़ा भारी, अधिशासी अभियंता पर कार्रवाई के निर्देश

 | 
नैनीताल - मानसून के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना पड़ा भारी, अधिशासी अभियंता पर कार्रवाई के निर्देश

नैनीताल - मानसून सत्र के दौरान शासकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कड़ा रुख अपनाया है। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने के मामले में अधिशासी अभियंता, कोसी निर्माण सिंचाई खण्ड रामनगर अजय जॉन से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। साथ ही उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

मानसून सत्र और मुख्यमंत्री के गर्जिया-रामनगर भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अधिशासी अभियंता अजय जॉन 05 जुलाई 2026 को बिना अवकाश स्वीकृति के मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए।

इस मामले में जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिकारी से जवाब मांगा था। स्पष्टीकरण में अधिशासी अभियंता ने बिना अनुमति अनुपस्थित रहने की बात स्वीकार करते हुए इसका कारण अपने सगे मौसेरे भाई की पत्नी के स्वास्थ्य की स्थिति खराब होना बताया।

जिलाधिकारी ने इसे उत्तराखंड राज्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 03(1) एवं 03(2) का उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि शासकीय आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मानसून सत्र के दौरान बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें और जनहित से जुड़े कार्यों में पूरी गंभीरता बरतें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now