नैनीताल - फिर बढ़ीं बिरजू मयाल की मुश्किलें, महिला ने अभद्रता, मारपीट, और धमकी मामले पर पांच धाराओं में FIR दर्ज 

 | 
नैनीताल - फिर बढ़ीं बिरजू मयाल की मुश्किलें, महिला ने अभद्रता, मारपीट, और धमकी मामले पर पांच धाराओं में FIR दर्ज 

 

रामनगर - सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिरजू मयाल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जेल से जमानत पर बाहर आने के कुछ समय बाद ही उसके खिलाफ रामनगर कोतवाली में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। इस बार एक महिला ने उस पर अभद्रता, हाथापाई, कपड़े फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 21 नवंबर को FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, मामला रामनगर कोतवाली क्षेत्र के वन परिसर का है। महिला के पति कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में काम करते हैं। घटना के समय वे ड्यूटी पर थे। महिला ने बताया कि 19 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी एक साल की बच्ची के साथ सरकारी आवास में थीं। इस दौरान उसने महिला और उसकी बेटी के साथ अभद्रता की। महिला ने शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास करने सहित अन्य गंभीर आरोप भी लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR संख्या 368/2026 दर्ज की है।

 

पांच धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा -
रामनगर कोतवाली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 115(2), 351(3), 352 और 333 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में विवाद के बाद भी हुई थी गिरफ्तारी -
बिरजू मयाल इससे पहले सितंबर 2026 में रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में हुए विवाद को लेकर चर्चा में आए थे। 9 सितंबर को वह अस्पताल पहुंचे थे और एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड की सुविधा, डॉक्टरों की उपलब्धता तथा मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने को लेकर वीडियो बनाया था।
इस मामले में अस्पताल के CMS डॉ. तपन शर्मा ने आरोप लगाया था कि मयाल ने डॉक्टरों और कर्मचारियों के सरकारी कार्य में बाधा डाली और अस्पताल की छवि खराब की। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। 16 सितंबर को उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी।

कोतवाली में हंगामे के मामले में भी हुई थी गिरफ्तारी -
अस्पताल प्रकरण में जमानत मिलने के कुछ दिन बाद 19 सितंबर को बिरजू मयाल को रामनगर कोतवाली में हुए एक अन्य विवाद के मामले में फिर गिरफ्तार किया गया था। उस पर कोतवाली में हंगामा करने और सरकारी रजिस्टरों को इधर-उधर करने के आरोप लगे थे। इस मामले में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स -
मूल रूप से नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र के रहने वाला बिरजू मयाल सोशल मीडिया पर सक्रिय है। वह अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों और जनसमस्याओं से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं।

इससे पहले भी उनके खिलाफ कालाढूंगी, रामनगर और अन्य थानों में अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आती रही है। इनमें मारपीट, धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे आरोप शामिल बताए जाते हैं। हालांकि, ताजा मामले में महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है और अभी इनकी पुष्टि होना बाकी है।

WhatsApp Group Join Now