Nainital Accident - हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रही कार खाई में गिरी कार, चार लोग थे सवार, मची चीख पुकार
नैनीताल - हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही एक कार मंगलवार को ताकुला पुरानी चुंगी के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी नवीन चंद्र भट्ट (28), कैलाश चंद्र भट्ट (66), देवीदत्त भट्ट (63) और टिहरी गढ़वाल निवासी नितेश (23) कार संख्या यूके 07 एएम 7810 से नैनीताल आ रहे थे। चालक के अनुसार, ताकुला पुरानी चुंगी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
स्थानीय निवासी बसंत मेहरा ने कार को खाई में गिरते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 100 मीटर गहरी खाई में उतरकर पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है और उनकी स्थिति ठीक है। उन्होंने बताया कि कार कुछ फीट और नीचे चली जाती तो हादसा गंभीर हो सकता था। समय रहते रेस्क्यू किए जाने से सभी कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
