नैनीताल - अपनी सुरक्षा की गुहार लगाकर, हाईकोर्ट से सुरक्षा मांगने वाला प्रेमी युगल खुद ही फंस गया, जानिए क्या है मामला
नैनीताल - सुरक्षा की गुहार लेकर पहुंचे पंजाब के एक प्रेमी युगल का मामला उस समय कानूनी मोड़ ले बैठा, जब युवती की उम्र को लेकर दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आई। जांच में युवती के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर युवक को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, राजपुरा (पटियाला, पंजाब) निवासी प्रेमी युगल ने अपनी जान को खतरा बताते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट में सुरक्षा की याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट को युवती की उम्र पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए।
कोतवाली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि युवती नाबालिग है। साथ ही, पंजाब के सिटी राजपुरा थाने में 12 अप्रैल को युवक जतिन के खिलाफ युवती को भगाने के आरोप में पहले से ही पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले की जानकारी मिलते ही शनिवार को पंजाब पुलिस नैनीताल पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कोर्ट परिसर के बाहर से ही दोनों को हिरासत में ले लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पंजाब ले जाया गया, जबकि किशोरी को काउंसलिंग के लिए नारी निकेतन हल्द्वानी भेज दिया गया है।
कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि दस्तावेजों में हेरफेर और युवती के नाबालिग होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
