हल्द्वानी - गौलापार में होगी NAB इंडिया की पहली राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, दिव्यांग सशक्तिकरण पर होगा मंथन
हल्द्वानी - नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB) उत्तराखंड प्रदेश इकाई द्वारा 21 मई 2026 को नैब गौलापार, हल्द्वानी में NAB इंडिया की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित की जा रही है। यह उत्तराखंड में NAB की पहली राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस होगी, जिसे दृष्टिबाधित समुदाय के लिए ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। सम्मेलन में दिव्यांगजनों के कल्याण, शिक्षा, पुनर्वास और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में देशभर से विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और संबंधित अधिकारी शामिल होकर भविष्य की योजनाओं और नीतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।
NAB उत्तराखंड के महासचिव रघुवीर सिंह कालाकोटी ने बताया कि संस्था लंबे समय से प्रदेश में दृष्टिबाधित व्यक्तियों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने सभी समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों से कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। संस्था का मानना है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन से उत्तराखंड के दिव्यांगजनों को नई दिशा और बेहतर अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम को लेकर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, उनके परिजन और सामाजिक कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।
क्या है NAB?
नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB) देश की अग्रणी संस्थाओं में से एक है, जो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के अधिकार, शिक्षा, रोजगार और पुनर्वास के क्षेत्र में कार्य करती है। संस्था का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
