हल्द्वानी - कालाढूंगी मार्ग में हुआ भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर घायल
कालाढूंगी - उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी कालाढूंगी रोड़ में चकलुवा के पास स्थित चौधरी गेट के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया।
हादसे में मृतक की पहचान धरमपाल पुत्र जगदीश, निवासी भाखड़ा पुल के पास लामाचौड़, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान अमर सिंह पुत्र धर्मवीर, निवासी लामाचौड़, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है।
बताया गया कि हादसे के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर घायल अवस्था में मिले। पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद धरमपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमर सिंह की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जानकारी जुटाई। दुर्घटना किस वाहन से हुई और हादसे के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


