हल्द्वानी- शैमफोर्ड स्कूल में सजा काव्य का रंगमंच, 75 से अधिक बाल कवियों ने बांधा समां

 | 
हल्द्वानी- शैमफोर्ड स्कूल में सजा काव्य का रंगमंच, 75 से अधिक बाल कवियों ने बांधा समां

हल्द्वानी - शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को हरफनमौला साहित्यिक संस्था के तत्वावधान में काव्य कुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर एकेडमिक्स अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे और संस्था के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


काव्य कुंभ में हल्द्वानी के विभिन्न विद्यालयों के 75 से अधिक बाल कवियों ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से वीर, हास्य, शृंगार और करुण रस की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बाल कवियों ने नीट परीक्षा, पेपर लीक, चढ़ावा चोरी, राम मंदिर, महाराणा प्रताप, होमवर्क, विद्यार्थी जीवन, सोशल मीडिया और मोबाइल फोन जैसे समसामयिक विषयों पर कविताएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।


विद्यालय की प्रधानाचार्या संतोष पांडे ने बाल कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि साहित्यिक आयोजन बच्चों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने हरफनमौला साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष गौरव त्रिपाठी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि काव्य कुंभ के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है।


कार्यक्रम में शैमफोर्ड स्कूल के साथ आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, एआरपी स्कूल, द आनंदा एकेडमी, स्वसत्यायन स्कूल, केवी कॉन्वेंट, सनबीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट ल्यूक्स, ग्रीन फील्ड एकेडमी, मॉम्स प्राइड, वेदशक्ति पब्लिक स्कूल, एलिवेट ग्लोबल स्कूल और द हाइलैंडर स्कूल के बाल कवियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान रोटरी क्लब हल्द्वानी के अध्यक्ष आशीष दुम्का, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे। उन्होंने बाल कवियों का उत्साहवर्धन किया।

WhatsApp Group Join Now